मतदाता सूची में तीन अफगानी नागरिकों के नाम मिले, पासपोर्ट जांच में हुई पुष्टि

जमशेदपुर : विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में तीन अफगानिस्तानी नागरिकों के नाम दर्ज होने का मामला सामने आया है। आसिफ खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के दस्तावेजों की जांच के बाद पासपोर्ट से उनकी अफगानिस्तानी नागरिकता की पुष्टि हुई। तीनों के नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 की मतदाता सूची में क्रम संख्या 30, 31 और 33 पर दर्ज थे।


तीनों ने मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी कर ली थी और प्रारूप सूची में भी उनके नाम शामिल थे। सत्यापन के दौरान दस्तावेजों में विसंगति मिलने पर निर्वाचन पदाधिकारी ने नोटिस जारी किया। आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने के बाद पासपोर्ट की जांच की गयी। विभागीय सूत्रों के अनुसार दोष साबित होने पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
निर्वाचन विभाग यह जांच रहा है कि इनका नाम मतदाता सूची में कैसे जुड़ा और इसमें किन लोगों की भूमिका रही। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमर सिंह ने राज्य के अन्य हिस्सों में भी ऐसे मामलों की संभावना जताते हुए विस्तृत जांच की मांग की है।


