सादगी और अकीदत के साथ निकला मोहर्रम का पहलाम जुलूस, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

महुआडांड़ : महुआडांड़ प्रतिनिधि। महुआडांड़ में मोहर्रम का पहलाम जुलूस शुक्रवार सुबह छः बजे से सादगी, अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व मोहर्रम कमिटी के खलीफा तनवीर अहमद (रिंकू) तथा नायब खलीफा सद्दाम आलम (शेरू) ने किया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और पारंपरिक तरीके से मातम करते हुए निर्धारित मार्गों से होकर गुजरे।
पूरे जुलूस के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सुलेमान मुंडरी स्वयं जुलूस के साथ मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए संवेदनशील स्थानों सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी गई, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
प्रशासन ने आम लोगों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वहीं मोहर्रम कमिटी के पदाधिकारियों ने भी सभी लोगों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रशासन और स्थानीय लोगों के आपसी सहयोग से मोहर्रम का पहलाम जुलूस बिना किसी व्यवधान के सकुशल संपन्न हुआ।




