मेदिनीनगर में सफाई व्यवस्था बदहाल, कचरे के ढेर में लगाई जा रही आग

पलामू : जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में नगर निगम की सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। शहर की सड़कों और खाली जगहों पर कचरे के ढेर जमा हैं। नियमित उठाव नहीं होने से कई स्थानों पर लोग कचरे में आग लगा रहे हैं। इससे निकलने वाले धुएं के कारण वायु प्रदूषण बढ़ रहा है और स्थानीय निवासियों के साथ राहगीरों को भी परेशानी हो रही है।


पुलिस लाइन रोड से सुदना अघोर आश्रम चौक के बीच कई जगहों पर कचरा जमा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से नगर निगम ने कचरा उठाव की जिम्मेदारी एजेंसी को सौंपी है, तब से सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। उनके अनुसार, दुर्गा पूजा के बाद से हालात बिगड़ने लगे थे और दीपावली व छठ के दौरान भी नियमित सफाई नहीं हुई। कई जगहों पर कचरा उठाने के बजाय उसे जला दिया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, प्लास्टिक, रबर और थर्माकोल जैसे पदार्थ जलने से कार्बन मोनोऑक्साइड, डाइऑक्सिन और फ्यूरान जैसी हानिकारक गैसें निकल सकती हैं। इससे आंखों में जलन, खांसी, अस्थमा और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों को इसका अधिक खतरा रहता है।
नगर निगम के सभी 35 वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, नालों और नालियों की सफाई भी नियमित रूप से नहीं हो रही है। जगह-जगह गंदगी जमा होने से दुर्गंध और मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। शहरवासियों ने नगर आयुक्त से नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित कराने और खुले में कचरा जलाने वालों के साथ लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।


