लगातार बारिश में कच्ची दीवार ढही, मलबे में दबकर 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के लोटा गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। 64 वर्षीय सुरखलाल पाड़ेया अपने घर के पास खड़े थे, तभी पास के एक कच्चे मकान की दीवार अचानक उन पर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार गांव में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण मिट्टी से बने कई घरों की दीवारें कमजोर हो गई हैं और इसी वजह से यह दीवार अचानक गिर गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में भी हादसे के बाद चिंता का माहौल है, क्योंकि बारिश जारी रहने से अन्य कच्चे मकानों की दीवारों के कमजोर होने का खतरा बना हुआ है।


