6 साल से बंद दुकानों पर विधायक का बवाल: पूर्णिमा साहू ने JNAC पर साधा निशाना, 22 जून को हाई-लेवल बैठक का अल्टीमेटम



जमशेदपुर : भालूबासा क्षेत्र में 2019 से बंद पड़ी 53 टिनशेड दुकानों का मामला एक बार फिर गरमा गया है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा साहू शनिवार को अचानक पूरे लाव-लश्कर के साथ जेएनएसी कार्यालय पहुंच गईं, जिससे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। नगर आयुक्त और उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार दोनों उस समय अनुपस्थित थे, जिस पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने फोन पर ही अधिकारियों को आड़े हाथों लिया और 22 जून 2026 को हाई-लेवल समीक्षा बैठक बुलाने का सख्त निर्देश दिया।

विधायक पूर्णिमा साहू ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में इन दुकानों की चाबियां प्रभावित फुटपाथी दुकानदारों को सौंपी गई थीं, लेकिन बाद में जेएनएसी अधिकारियों ने रहस्यमयी तरीके से वे चाबियां वापस ले लीं। उन्होंने सवाल उठाया कि छह साल में इन दुकानों में बिजली कनेक्शन तक क्यों नहीं कराया गया और रखरखाव के अभाव में ये दुकानें अब जर्जर होने की कगार पर हैं।
विधायक ने सीधे आरोप लगाया कि जेएनएसी के कुछ लोगों ने रसूखदारों को ये दुकानें दिलाने की कोशिश की, जिससे असली हकदार गरीब दुकानदार आज भी सड़क पर ठेला लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने साफ कहा कि 22 जून की बैठक में 2019 की मूल फाइलों की बारीकी से जांच होगी, असली हकदारों को दुकानें सौंपी जाएंगी और जेएनएसी फंड से दुकानों की मरम्मत भी कराई जाएगी।


