मिशनरी स्कूल के फादर पर दुष्कर्म का आरोप, गर्भवती होने पर जबरन कराया गर्भपात

गोड्डा : सुंदरपहाड़ी प्रखंड की तिलाबाद पंचायत स्थित संत एल्फोंसा मिशन स्कूल के फादर थॉमस सोरेन पर स्कूल में काम करने वाली महिला ने दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के अनुसार, स्कूल में रसोइया के रूप में काम करने के दौरान फादर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाते थे। इस दौरान वह गर्भवती हो गई तो कथित तौर पर उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया। मामले में सुंदरपहाड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा है।


तिलाबाद के मुखिया राजेंद्र सोरेन के अनुसार, महिला और उसके पति दोनों संत एल्फोंसा मिशन स्कूल में काम करते थे। महिला को 9 हजार रुपए और उसके पति को 7 हजार रुपए वेतन मिलता था। महिला ने आरोप लगाया है कि गर्भपात कराने में 60 हजार रुपए खर्च हुए। बाद में फादर द्वारा इस रकम की वसूली महिला के पति से करने की बात कहे जाने पर मामला सामने आया। राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी ने पीड़िता और उसके पति के माध्यम से थाने में आवेदन दिलाकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी विधान चंद्र पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।


