सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत, हेमंत सोरेन सहित कई नेताओं ने जताया शोक

जमशेदपुर : सोनारी के दोमुहानी-मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गयी। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गयी और टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकालकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।तृषा सिंह की मौत की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुख जताते हुए तृषा सिंह और हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।


पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और चंपाई सोरेन ने भी हादसे पर दुख जताया। दोनों नेताओं ने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के परिवारों के प्रति भी संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।


