एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप, जांच टीम गठित; 7 दिन में आएगी रिपोर्ट






जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आंतरिक प्रशासनिक विवाद का मामला सामने आया है। फिजियोलॉजी विभाग के कर्मचारी और झारखंड राज्य चिकित्सा जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की विशेष शाखा, एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर के अध्यक्ष विश्वनाथ मल्लिक ने कॉलेज प्रबंधन, संबंधित पदाधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में प्रधान लिपिक समेत अन्य कर्मियों पर चोरी, फाइल वितरण में अनियमितता, मूल पदस्थापन में गड़बड़ी, पेयजल की समस्या, अनधिकृत आवास आवंटन और कब्जे, निजी आवासों से निकलने वाले गंदे पानी, बाहरी व आउटसोर्स कर्मियों से जुड़े कार्य, अधिकारियों के संरक्षण और पद के दुरुपयोग जैसे कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।


मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य ने निष्पक्ष जांच के लिए छह सदस्यीय टीम गठित की है। इसमें डॉ. उमा शंकर सिंह, डॉ. बुधन बैठा, डॉ. लुगुराम टुडू, राजेंद्र गोस्वामी, प्रशांत कुमार और बुधवा लकड़ा शामिल हैं। टीम को सात दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।जांच समिति की बैठक गुरुवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज में रखी गई है। बैठक में शिकायतकर्ता और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी तथा शिकायत में शामिल दूसरे मामलों की भी जांच होगी। इसके बाद समिति अपनी रिपोर्ट तैयार कर प्राचार्य को सौंपेगी।


