छात्र आंदोलन का बड़ा असर, CM हेमंत सोरेन ने JSSC-CGL परीक्षा रद्द की; TDPL की सभी परीक्षाओं पर भी फैसला






रांची : JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा फैसला लिया है। सोमवार को हुई विशेष कैबिनेट बैठक के बाद JSSC-CGL परीक्षा को रद्द कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाएं, प्रकाशित परिणाम, चयनित अभ्यर्थी और उससे जुड़ी अन्य गतिविधियां भी निरस्त की जाएंगी। राज्य मंत्रिमंडल ने वर्ष 2014 से TSR Data Processing Pvt Ltd यानी TSR/TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया है।

सरकार ने भर्ती परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए वरिष्ठ IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में परीक्षा सुधार समिति गठित करने का भी फैसला किया है। यह समिति परीक्षा प्रणाली की कमियों की समीक्षा करेगी और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने के लिए सुझाव देगी। सरकार का कहना है कि परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
परीक्षा रद्द होने की खबर के बाद आंदोलनकारी छात्रों में खुशी देखी गई। 16 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि वह अपना अनशन तोड़ेंगे, लेकिन संघर्ष जारी रहेगा। छात्र लंबे समय से JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोमवार को सरकार और छात्रों के बीच हुई बातचीत के बाद कई मांगों पर सहमति बनने की बात सामने आई।


