IAS अफसरों का बड़ा फेरबदल, अनिमेष को अतिरिक्त जिम्मेदारी, अनन्या सिंह को मिला नया पद



पटना :बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों की अधिसूचना जारी की है। 2010 बैच के आईएएस अनिमेष कुमार पराशर को नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं 2011 बैच के शीर्षत कपिल अशोक को कॉम्फेड, पटना का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। निलेश रामचंद्र देवरे को नगर विकास एवं आवास विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है।


इस फेरबदल में 2013 बैच के नवल किशोर चौधरी को बिहार राज्य संचारण कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। नवदीप शुक्ला को युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में विशेष सचिव तथा पवन कुमार सिन्हा को उच्च शिक्षा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। सौरभ जोरवाल को बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड का अतिरिक्त प्रभार मिला है, जबकि कुमार मंगलम को राजस्व परिषद का सचिव नियुक्त किया गया है।इसके अलावा विशाल राज को बिहार राज्य पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। स्पर्श गुप्ता को राज्य स्वास्थ्य समिति में अपर कार्यपालक निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। 2020 बैच के अधिकारियों में श्रेष्ठ अनुपम को वित्त विभाग, अभिषेक पलासिया को पथ निर्माण विभाग, प्रदीप सिंह को पर्यटन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। कुमार निशांत विवेक को प्राथमिक शिक्षा निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं अनन्या सिंह को जीविका में अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर तैनात करते हुए मनरेगा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.


