धनतेरस पर बन रहा महालक्ष्मी योग, जानें खरीदारी और पूजा के शुभ मुहूर्त

रांची : धनतेरस का पर्व 6 नवंबर को मनाया जाएगा। इस बार शुक्रवार को शुक्र और चंद्रमा के कन्या राशि में एक साथ रहने से महालक्ष्मी योग बन रहा है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह संयोग धन, समृद्धि, ऐश्वर्य और सुख-सुविधाओं में वृद्धि के लिए विशेष शुभ माना जाता है। त्रयोदशी तिथि 6 नवंबर को सुबह 11:20 बजे से शुरू होकर 7 नवंबर को सुबह 11:07 बजे तक रहेगी। संध्याकालीन पूजन के महत्व के कारण धनतेरस का पर्व 6 नवंबर को ही मनाया जाएगा।


ज्योतिषाचार्य विभोर इंदुसुत के अनुसार, शुक्रवार को सुबह 11:20 बजे से दोपहर 12 बजे तक राहुकाल रहेगा। ऐसे में इस अवधि के बाद खरीदारी और शुभ कार्य करना उचित बताया गया है। धनतेरस पर सोना, चांदी, पीतल के बर्तन, वाहन खरीदने के साथ नए व्यवसाय की शुरुआत, कार्यालय उद्घाटन, नींव पूजन, गृह प्रवेश, नए घर की बुकिंग और व्यावसायिक समझौते भी किए जा सकते हैं। पूजा का शुभ समय शाम 6:03 से 8 बजे तक वृष लग्न में रहेगा। इसके अलावा दोपहर 11:31 से 12:55 बजे तक शुभ चौघड़िया, शाम 3:43 से 6:07 बजे तक चर चौघड़िया और रात 8:16 से 10:15 बजे तक लाभ चौघड़िया रहेगा।
पूजा के लिए पूजास्थल पर चावल या गेहूं की छोटी ढेरी बनाकर घी का दीपक जलाने और मां लक्ष्मी का ध्यान करते हुए श्रीसूक्त का तीन बार पाठ करने की विधि बताई गई है। इसके बाद भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और अन्य देवी-देवताओं की पूजा कर मिठाई का भोग लगाया जाता है। ज्योतिषाचार्य राहुल अग्रवाल के अनुसार, धनतेरस की शाम मुख्य द्वार के दोनों ओर मिट्टी के दीपक में तिल का तेल भरकर पूरी रात जलाना चाहिए। बाईं ओर का दीपक दक्षिण दिशा की ओर करके यमदेव को समर्पित किया जाता है, जबकि दाईं ओर का दीपक भगवान धन्वंतरि और कुबेर के लिए जलाया जाता है।


