पीएम आवास योजना के नाम पर भेजा लिंक, मोबाइल हैक होते ही खाते से कटे 4,999 रुपये

घाटशिला : मऊभंडार ओपी क्षेत्र के निवासी आजाद बेहरा साइबर ठगी का शिकार हो गये। गुरुवार को उनके व्हाट्सएप पर पीएम आवास योजना के नाम से एक फाइल या लिंक भेजा गया। उसे खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से 4,999 रुपये कट गये। पीड़ित के अनुसार संदिग्ध मैसेज ”राम करुवा” नामक व्यक्ति के जरिए आया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद फोन पर लगातार ओटीपी आने लगे और कुछ देर में उनका यूपीआइ लॉक हो गया।


शुक्रवार सुबह बैंक खाता जांचने पर आजाद बेहरा को राशि कटने की जानकारी मिली। घटना के दिन बैंक बंद होने के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सके। उन्होंने बताया कि शनिवार को मऊभंडार ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे। पीड़ित ने लोगों से उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज या लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की है।
मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता ने लोगों से पीएम आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं के नाम पर भेजे जाने वाले फर्जी लिंक, कॉल और मैसेज से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने अनजान या संदेहास्पद लिंक पर क्लिक नहीं करने और ओटीपी, बैंक विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने को कहा।


