महीनों से बंद था लाइब्रेरी का समरसेबल, प्रशासन ने नहीं सुनी तो नेता ने निजी खर्च से कराया ठीक

कुड़ू (लोहरदगा) : जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रखंड स्तरीय पुस्तकालय में महीनों से समरसेबल मशीन खराब रहने के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को परेशानी हो रही थी। पुस्तकालय में पीने का पानी उपलब्ध नहीं था और शौचालय के लिए भी पानी नहीं मिलने से छात्रों को बाहर जाना पड़ता था। विद्यार्थियों ने प्रभारी बीडीओ सह सीओ संतोष उरांव से लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना तक मौखिक और लिखित शिकायत की, लेकिन लंबे समय तक कोई समाधान नहीं हुआ। सबसे ज्यादा दिक्कत छात्राओं को हो रही थी। उन्होंने चंदा जुटाकर बोरिंग में लगी मशीन को खोलकर ठीक कराने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हुईं।


इसके बाद छात्राओं ने भाजयुमो प्रखंड अध्यक्ष सरजू कुमार साहू को जानकारी दी। पुस्तकालय पहुंचकर स्थिति देखने के बाद उन्होंने समरसेबल की मरम्मत का पूरा खर्च खुद उठाने का भरोसा दिया। शनिवार को मशीन की मरम्मत कर उसे दोबारा बोरिंग में लगाया गया और चालू कर दिया गया। पानी की आपूर्ति बहाल होते ही विद्यार्थियों को पीने और शौचालय दोनों के लिए पानी मिलने लगा। समस्या दूर होने पर छात्रों ने सरजू कुमार साहू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ बुनियादी सुविधाएं भी जरूरी हैं। सरजू कुमार साहू ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रशासन को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।


