भू-धंसान से दहशत, जमीन से निकल रहा जहरीला धुआं; ग्रामीणों ने विस्थापन की मांग की

रांची : खलारी कोयलांचल के जेहलीटांड़ क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज आवाज के साथ जमीन धंसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना ग्रामीण दामोदर गंझू के घर के समीप बाड़ी में हुई, जहां जमीन काफी गहराई तक धंसकर कुएं के आकार के गड्ढे में बदल गई। ग्रामीणों के अनुसार, गड्ढे से भूमिगत कोयले की आग का जहरीला और दमघोंटू धुआं भी निकल रहा था। भुक्तभोगी परिवार ने बताया कि कई वर्ष पहले भी दामोदर गंझू के घर के अंदर स्थित बगान में भू-धंसान हुआ था।


सूचना मिलने पर केडीएच परियोजना पदाधिकारी बिमल कुमार और मैनेजर राघवेंद्र गांधी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और धंसान स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रबंधन ने जेसीबी की मदद से गहरे गड्ढे और मलबे को भरकर जमीन समतल कराई। ग्रामीणों के अनुसार, चालू खदान के नजदीक दर्जनों रैयतों के मकान हैं और मानसून के दौरान लगातार बारिश से जमीन के अंदर पानी जाने के कारण भू-धंसाव की घटनाएं बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में करकट्टा कॉलोनी के विश्रामपुर बस्ती निवासी शिवनाथ गंझू के घर के पास तीन से चार बार भू-धंसाव हो चुका है, जबकि इससे पहले जेहलीटांड़ में संजय गंझू के मकान के पास भी ड्रम कुएं के आकार का गड्ढा बन गया था। लोगों का कहना है कि केवल मिट्टी भरकर जमीन समतल करना स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने प्रभावित आबादी को अविलंब सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने और भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्रों का तकनीकी सर्वेक्षण कर स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।


