झामुमो प्रवक्ता से दुर्व्यवहार का आरोप, टोंटो थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह पर पार्टी के जिला प्रवक्ता और झारखंड आंदोलनकारी बुधराम लागुरी के साथ कथित दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


सोनाराम देवगम ने अपने पत्र में कहा है कि झारखंड आंदोलनकारी सह झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी के साथ कथित दुर्व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह का व्यवहार आदिवासी समाज, झारखंड की अस्मिता और आंदोलन की भावनाओं के प्रति असम्मान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के बलिदान से हुआ है। ऐसे में आंदोलनकारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। देवगम ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर थाना प्रभारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से आम जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा कानून के दायरे में रहकर काम करने की अपील भी की।


