ट्रैवल एजेंसी से विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या, आठ लोगों पर आरोप

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में एक ट्रैवल एजेंसी से जुड़े विवाद के बाद एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार रात राजधनवार थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान हीरोडीह थाना क्षेत्र के चारघरा गांव निवासी मोहम्मद हैदर अली के रूप में हुई है। राजधनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को मृतक के भाई मोहम्मद परवेज अंसारी ने आठ लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में मदीना ट्रैवल्स के संचालक मौलाना इलियास अंसारी भी शामिल हैं।


पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, हैदर अली के माता-पिता 7 अक्टूबर को उमरा के लिए मक्का गए थे और उनकी वापसी 24 अक्टूबर को निर्धारित थी। आरोप है कि 30,000 रुपये अतिरिक्त लेने के बावजूद ट्रैवल एजेंसी उनके लौटने की व्यवस्था नहीं कर सकी। इसके बाद हैदर अली कई बार एक मदरसे गए, जहां उन्हें कथित तौर पर ट्रैवल एजेंसी से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। शिकायत के मुताबिक, गुरुवार को इसी मामले को लेकर उनकी इलियास अंसारी से तीखी बहस हुई। हैदर अली ने पुलिस के पास जाकर कथित गतिविधियों का खुलासा करने की बात कही थी। आरोप है कि इसके बाद इलियास अंसारी और उनके भाई सनाउल्लाह ने हैदर अली और उनके भाई पर हमला कर दिया। अन्य लोगों को भी उकसाकर हैदर अली की पिटाई की गई और उनका गला घोंट दिया गया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


