हैवी ब्लास्टिंग से दहला आरारी गांव, कई घरों और स्कूल की दीवारों में आई दरारें

पेटरवार : बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड अंतर्गत चरगी पंचायत के आरारी गांव में वाराणसी-कोलकाता सिक्सलेन सड़क निर्माण के लिए की जा रही हैवी ब्लास्टिंग से ग्रामीणों में दहशत है। पत्थर खदान में विस्फोट के कारण गांव के कई कच्चे और पक्के मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। धमाकों के दौरान ग्रामीण अपने घरों से निकलकर सड़क पर आ जाते हैं और ब्लास्टिंग बंद होने के बाद ही वापस लौटते हैं। इस दौरान गांव के नव प्राथमिक विद्यालय को भी काफी नुकसान पहुंचा है। विद्यालय की दीवारों में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं और दीवारों से ढलाई अलग होने लगी है।


जानकारी के अनुसार, भारतमाता परियोजना के तहत वाराणसी से कोलकाता तक बनने वाली सिक्सलेन सड़क के निर्माण के लिए आरारी गांव स्थित पत्थर खदान से उत्खनन किया जा रहा है। सड़क निर्माण कंपनी के अधीन एक संवेदक द्वारा पत्थर निकालने के लिए हैवी ब्लास्टिंग की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, धमाकों से पूरा इलाका कांप उठता है। करमचंद हेम्ब्रम, राम विलास टुडू, सुनील हेम्ब्रम, पार्वती देवी, आसीन हेम्ब्रम, मोतीलाल टुडू, राम प्रसाद टुडू और मनोज हेम्ब्रम के मकानों में दरारें आई हैं। ग्रामीण राम विलास टुडू, साहेब राम टुडू, अनिल हेम्ब्रम सहित अन्य लोगों ने जिला उपायुक्त से जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस समस्या पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।


