झारखंड हाईकोर्ट को मिले 3 नए जज, 23 सितंबर को लेंगे शपथ

रांची : झारखंड न्यायिक सेवा (सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस) कैडर के तीन वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त न्यायाधीशों का शपथ ग्रहण समारोह 23 सितंबर 2026 को सुबह 10:15 बजे से झारखंड हाईकोर्ट परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर होगा। चीफ जस्टिस एमएस सोनक तीनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राजभवन से शेड्यूल तय होने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन ने समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है।


हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में गढ़वा के प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश (PDJ) मनोज प्रसाद, साहिबगंज के पीडीजे अखिल कुमार और डालटनगंज (पलामू) के पीडीजे राम शर्मा शामिल हैं। शपथ ग्रहण के बाद तीनों हाईकोर्ट में न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभालेंगे।
झारखंड हाईकोर्ट में वर्तमान में चीफ जस्टिस एमएस सोनक सहित कुल 13 न्यायाधीश कार्यरत हैं। तीन नए न्यायाधीशों के शपथ लेने के बाद यह संख्या बढ़कर 16 हो जाएगी। हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 पद स्वीकृत हैं, इसलिए इसके बाद भी 9 पद रिक्त रहेंगे।


