मिठास के साथ बांटी इंसानियत, कामधेनु के मालिक ने अनाथ बच्चों संग मनाई शादी की सालगिरह और बेटे का जन्मदिन

महुआडांड़। रिश्तों और त्योहारों की मिठास को जब इंसानियत से जोड़ा जाए, तो उत्सव यादगार बन जाता है। ऐसी ही मिसाल पेश की है महुआडांड़ स्थित कामधेनु स्वीट स्टोर के प्रोपराइटर विजय प्रसाद ने। उन्होंने अपनी शादी की सालगिरह और पुत्र मयंक कुमार के जन्मदिन का जश्न आरपीएस सेवा संस्थान में रह रहे अनाथ बच्चों के साथ मनाया।


बच्चों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान
इस खास मौके पर विजय प्रसाद अपनी धर्मपत्नी सुधा देवी, बेटे मयंक कुमार और परिजनों के साथ संस्थान पहुंचे। परिवार ने बच्चों को अपने हाथों से मिठाइयां खिलाईं, केक काटा और उनके साथ खूब समय बिताया। बच्चों ने भी तालियों और गीतों के साथ जन्मदिन व सालगिरह का जश्न मनाया। पूरा माहौल अपनत्व और खुशियों से भर गया।
राशन और नगद सहयोग भी दिया
विजय प्रसाद ने संस्थान को चावल और 1000 रुपये की नगद सहयोग राशि भेंट की। उन्होंने कहा जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों की असली खुशी तब मिलती है, जब उन्हें उन बच्चों के साथ साझा किया जाए जिनके पास अपना कहने को कोई नहीं। ऐसे छोटे प्रयास ही समाज में प्रेम और मानवता को जिंदा रखते हैं।
संस्थान ने सराहा कदम
इस दौरान आरपीएस सेवा संस्थान के संचालक कमलेश यादव, जयवंत यादव समेत संस्थान के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने विजय प्रसाद के इस कदम को सराहनीय और समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। संचालक कमलेश यादव ने कहा अगर हर सक्षम परिवार महीने में एक दिन भी ऐसे बच्चों के साथ बिताए तो कोई बच्चा खुद को अनाथ महसूस नहीं करेगा।


