मंईयां योजना के लिए अंचल कार्यालय में उमड़ी महिलाओं की भीड़, सड़क तक लगी लंबी कतार



जमशेदपुर : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़े दस्तावेजों में सुधार और आवेदन संबंधी जानकारी के लिए जमशेदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार को स्थिति ऐसी हो गई कि कार्यालय के मुख्य गेट से लेकर सड़क तक लंबी कतारें लग गईं। तेज गर्मी के बीच महिलाएं घंटों अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं।भीड़ की जानकारी मिलने पर बीडीओ सुमित प्रकाश मौके पर पहुंचे और महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं, केवल पहले से जमा आवेदनों में तकनीकी त्रुटियों का सुधार किया जा रहा है। भीड़ में बड़ी संख्या में बिरसानगर और टेल्को क्षेत्र की महिलाएं शामिल थीं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिलाओं को सड़क से हटाया गया और गेट के बाहर फॉर्म बेच रहे लोगों को भी वहां से हटाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान नाम, जन्मतिथि, जाति प्रमाणपत्र और बैंक खाते से जुड़ी कई गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिन्हें ठीक किया जा रहा है। वहीं कई महिलाओं ने शिकायत की कि दस्तावेज सुधार के बावजूद उनके खाते में अब तक योजना की राशि नहीं पहुंची है। प्रशासन का कहना है कि लंबित मामलों की समीक्षा कर जल्द समाधान किया जाएगा।


