अवैध बालू कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 6 हाइवा जब्त, 20 लाख जुर्माने की तैयारी



जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन कार्यालय की टीम ने बहरागोड़ा क्षेत्र के विभिन्न बालू घाटों में छापेमारी कर बिना वैध चालान के बालू ढो रहे बंगाल नंबर के छह हाइवा जब्त कर लिए। जब्त वाहनों के खिलाफ करीब 20 लाख रुपये जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

खनन टास्क फोर्स ने बर्निपाल, गुहियापाल और बनकटा बालू घाट समेत कई संवेदनशील इलाकों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान बालू लदे वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें छह हाइवा के पास वैध कागजात नहीं मिले। जब्त वाहनों में डब्ल्यूबी 49-6373, डब्ल्यूबी 29 सी-2172, डब्ल्यूबी 33एफ-0705, डब्ल्यूबी 33इ-0547 और डब्ल्यूबी 33 सी-7993 नंबर के वाहन शामिल हैं।
सभी जब्त वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बरसोल थाना को सौंप दिया गया है। पुलिस अब वाहन मालिकों और अवैध बालू कारोबार से जुड़े सिंडिकेट की जानकारी जुटाने में लगी है। जिला खनन कार्यालय ने साफ कहा है कि अवैध बालू और गिट्टी के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


