दहेज के लिए प्रताड़ना, जेठ पर दुष्कर्म का आरोप; पति समेत 6 पर FIR

Advertisements

गुमला : शहर के आजाद बस्ती की 24 वर्षीय महिला ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट, दुष्कर्म, अप्राकृतिक शारीरिक संबंध, गहने लेने, गर्भपात कराने, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के अनुसार उसकी शादी 25 मार्च 2026 को खड़िया पाड़ा निवासी युवक से हुई थी। शादी से पहले युवक को आर्ट्स ग्रेजुएट, एक्सिस बैंक में कार्यरत और करीब 40 हजार रुपये मासिक कमाने वाला बताया गया था। फिल्म और वीडियो एडिटिंग से भी उसकी कमाई होने की बात कही गई थी। महिला का आरोप है कि शादी में उसके पिता ने करीब 5 लाख रुपये नकद, लगभग 10 लाख रुपये के गहने, चारपहिया वाहन और करीब 10 लाख रुपये का घरेलू सामान दिया था। शादी के बाद पति उसे कोलकाता ले गया, जहां उसके मोबाइल में दूसरी महिला के साथ कथित आपत्तिजनक तस्वीर देखने के बाद विवाद हुआ। 10 अप्रैल को दोनों गुमला लौटे और महिला का आरोप है कि अगले दिन सास-ससुर ने उसके साथ मारपीट की।महिला ने पति के बड़े भाई पर कमरे में बुलाकर कथित तौर पर दवा देने और बेहोशी जैसी स्थिति में उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। शिकायत में देवर पर गलत तरीके से छूने का भी आरोप है। महिला का कहना है कि घटना की जानकारी परिवार को देने पर उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े फाड़े गए, गहने ले लिए गए और उसे कमरे में बंद कर दिया गया। उस समय वह करीब 7 से 8 सप्ताह की गर्भवती थी और मारपीट के बाद रक्तस्राव होने से उसका गर्भपात हो गया। उसने पति पर उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप भी लगाया है।महिला के अनुसार 22 जुलाई को पति, सास और ससुर ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और मुकदमा करने पर उसे तथा उसके परिवार को जान से मरवाने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को शादी से पहले दिया गया बायोडाटा, मेडिकल व अल्ट्रासाउंड से जुड़े कागजात, कथित दिनचर्या की समय-सारणी और जमीन बिक्री के दस्तावेज भी सौंपे हैं।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements
https://bashisthaonline.in

About The Author

You may have missed