श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर 4 सितंबर को भव्य आयोजन, पूजा-अर्चना के साथ होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

जमशेदपुर : भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर 2026 को श्री कृष्ण मंदिर, भुवनगिरी (भुवनेश्वरी) टेंपल कॉम्प्लेक्स, टेल्को में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा-अर्चना, आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। आयोजन की शुरुआत शाम 5:45 बजे आरती से होगी। इसके बाद शाम 6 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की विशेष पूजा और उत्सव मनाया जाएगा।

समारोह के दौरान शाम 6:30 बजे से रात 8 बजे तक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और लीलाओं पर आधारित भजन तथा शास्त्रीय कथक नृत्य की प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी। कोलकाता की प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना देवलीना लाहिरी और रिशिता माइझा अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से परिवार व मित्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।


