13 महीनों से कमीशन बकाया, फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन ने दिया धरना
Oplus_16908288

सरायकेला : ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को सरायकेला में उपायुक्त कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरना देकर लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। इसके बाद संगठन ने जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कोल्हान प्रमंडल संयोजक फूलकांत झा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नाम मांग पत्र सौंपा। एसोसिएशन का आरोप है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत दुकानदारों का कमीशन विगत 13 महीनों से बकाया है। कोरोना काल से भी कई दुकानदारों के भुगतान लंबित हैं, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि बीते 10 दिनों से ई-पॉस व्यवस्था प्रभावित होने के कारण राशन वितरण में परेशानी हो रही है। संगठन ने डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने के बावजूद स्टॉक और बिक्री रजिस्टर अनिवार्य रखने की बाध्यता समाप्त करने, लाभुकों के जाति प्रमाणपत्र सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया वापस लेने तथा ई-पॉस में दाल, नमक और कपड़ा एक ही रसीद पर दर्ज करने की मांग रखी। इसके साथ ही मृत डीलर कर्म सिंह बोदरा के परिवार को आर्थिक सहायता और मृत दुकानदारों के स्थान पर अनुकंपा आधारित नियुक्ति की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
फूलकांत झा ने चेतावनी दी कि सरकार द्वारा मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किए जाने पर संगठन आगे आंदोलनात्मक निर्णय लेगा। उन्होंने कहा कि राशन दुकानदार सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर गरीबों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।


