क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक आगाज, जय भोले टीम ने उद्घाटन मुकाबला जीतकर मचाया धमाल

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत उद्घाटन मुकाबले के साथ हुई। पहले मैच में जय भोले क्रिकेट टीम और बारहखोली जूनियर क्रिकेट टीम आमने-सामने थीं। टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विजय सिंह गागराई ने बल्लेबाजी कर किया, जबकि पहली गेंद स्वर्गीय विशाल मुखी के पिता गणेश मुखी ने फेंकी। इस मौके पर स्व. विशाल मुखी की माता गीता मुखी भी मौजूद रहीं और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

उद्घाटन मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जय भोले क्रिकेट टीम ने निर्धारित पांच ओवर में 51 रन बनाए। जवाब में बारहखोली जूनियर क्रिकेट टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और जय भोले टीम ने मैच अपने नाम कर लिया। डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। आयोजन समिति के सनी जगदला, हिमांशु तांती, नीरज जैरा, अजय सोना और विपिन दीप ने सफल आयोजन में योगदान दिया तथा सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।


