सड़क हादसे के घायलों को मिलेगा 7 दिनों तक मुफ्त कैशलेस इलाज, केंद्र ने दिए निर्देश

रांची : सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को अब इलाज के लिए पैसों की चिंता नहीं करनी होगी। केंद्र सरकार ने दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पीएम-राहत योजना लागू करने की पहल तेज कर दी है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के नीति एवं समन्वय प्रभाग ने सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और उनसे संबद्ध अस्पतालों को इस योजना की गाइडलाइन तत्काल लागू करने का निर्देश दिया है। एनएमसी के अनुसार, सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और संबद्ध अस्पतालों को योजना से जोड़ा जाएगा।

एनएमसी के सचिव डॉ. राघव लंगर ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों के डीन, निदेशक, प्राचार्य और संबद्ध अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों को संस्थानों की ऑनबोर्डिंग और भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है। अस्पतालों को योजना के पैनल में शामिल करने की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के दिशा-निर्देश भी भेजे गए हैं। योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को हादसे की तारीख से अधिकतम 7 दिनों तक निर्धारित अस्पतालों में प्रति पीड़ित अधिकतम 1.5 लाख रुपये का कैशलेस इलाज मिलेगा। गैर-निर्धारित अस्पतालों में भी मरीजों को स्टेबिलाइजेशन ट्रीटमेंट उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का लाभ केंद्र, राज्य या किसी अन्य सरकारी लाभ योजना से पहले मिलेगा।
योजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य सड़क सुरक्षा परिषद (एसआरएससी) नोडल एजेंसी होगी। यह राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के साथ मिलकर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा देने में सक्षम अस्पतालों की पहचान कर उन्हें नामित करेगी। आयुष्मान योजना के पैनल में शामिल अस्पताल इसके लिए पात्र होंगे। अन्य योग्य अस्पतालों को भी योजना से जोड़ा जा सकेगा। दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट के आसपास स्थित अस्पतालों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक जिले में योजना की निगरानी मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 215 के तहत गठित जिला सड़क सुरक्षा समितियां (डीआरएससी) करेंगी।


