रामचरितमानस पाठ प्रतियोगिता में छात्रों का शानदार प्रदर्शन, दो दिन चला आयोजन


जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित चिन्मया विद्यालय साउथ पार्क में 23 और 24 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय ‘रामचरितमानस पारायण पाठ प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में करीब 100 छात्रों ने भाग लेकर अपनी भाषाई दक्षता और आध्यात्मिक भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को भारतीय परंपरा, संस्कृति और रामचरितमानस के मूल्यों से जोड़ना था।

इस आयोजन के माध्यम से छात्रों को अवधी भाषा की समझ, छंद और अलंकार जैसे काव्य तत्वों का ज्ञान तथा आध्यात्मिक जागरूकता विकसित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता को तीन वर्गों—ग्रुप A, B और C में विभाजित किया गया था। ग्रुप A में जान्हवी तिवारी ने प्रथम, अंशी सिंह ने द्वितीय तथा आशीष कुमार साहू और अद्विक वर्श्नेय ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप B में त्रिशा हिमानी प्रथम, आयत परवीन द्वितीय और तेजस्विनी व सामिक्षा साह ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं ग्रुप C में बलराम कर प्रथम, अरमान स्वरूप द्वितीय और स्वर्णा सिंह व अपर्णा महतो ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान निर्णायक मंडल में विनिता मिश्रा और मणि पांडे शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के उच्चारण, भाव और प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया। यह आयोजन विद्यालय के उपाध्यक्ष बी. सुरेंद्रनाथ और प्राचार्य मणिशंकर पाठक के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों में न केवल भाषा और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाती हैं, बल्कि उनमें आध्यात्मिकता, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान भी विकसित करती हैं।


