अब AC इलेक्ट्रिक बसों में ड्यूटी जाएंगे कर्मचारी, टाटा मोटर्स ने शुरू की नई सुविधा; प्रदूषण भी होगा कम






जमशेदपुर : टाटा मोटर्स ने कर्मचारियों के लिए स्वतंत्रता दिवस पर नई परिवहन सुविधा शुरू की है। अब कर्मचारी सामान्य बसों के बजाय अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक एसी बसों से ड्यूटी के लिए आना-जाना करेंगे। कंपनी ने कर्मचारियों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सात नई ईवी एसी बसों को सेवा में शामिल किया है। टेल्को स्थित सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।


नई बस सेवा की शुरुआत के मौके पर टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों और यूनियन प्रतिनिधियों ने बस में सफर कर कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा भी लिया। वातानुकूलित बसों से कर्मचारियों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के साथ अधिक सुरक्षित और आरामदायक सफर उपलब्ध होगा।
फिलहाल सात इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन टेल्को कॉलोनी के विभिन्न सेक्टरों और आंतरिक मार्गों पर शुरू किया गया है। ये बसें शून्य उत्सर्जन वाली हैं, जिससे प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इस सेवा का विस्तार करने की योजना है।


