लुर्गुमी में पेयजल संकट गहराया, जलमीनार से पानी भरने को लेकर विवाद; जनसेतु के माध्यम से डीसी से लगाई गुहार

0
Advertisements
Advertisements

महुआडांड़  : महुआडांड़ प्रखंड के नेतरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत लुर्गुमी गांव में पेयजल संकट दिनोंदिन गंभीर होता जा रहा है। गांव के अधिकांश जलमीनार खराब पड़े होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर गांव निवासी अनवर अंसारी ने जनसेतु व्हाट्सएप सेवा के माध्यम से लातेहार उपायुक्त को आवेदन भेजकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।आवेदन में कहा गया है कि गांव में पानी की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। कई जलमीनार लंबे समय से खराब हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं गांव में चालू एकमात्र जलमीनार से भी कुछ लोगों को पानी भरने नहीं दिया जा रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जलसहिया द्वारा पानी भरने को लेकर बार-बार विवाद एवं झगड़ा किया जाता है। यहां तक कि जब लोग पानी भरने पहुंचते हैं तो जलमीनार का स्टार्टर खोलकर रख दिया जाता है, जिससे पानी आपूर्ति बाधित हो जाती है।ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। महिलाओं और बच्चों को सुबह से ही पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। गांव में लगातार बढ़ रहे विवाद से सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है।अनवर अंसारी ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही गांव के सभी खराब जलमीनारों की शीघ्र मरम्मत कर सुचारु पेयजल व्यवस्था बहाल कराने का अनुरोध किया है।इधर जनसेतु व्हाट्सएप सेवा के माध्यम से शिकायत दर्ज होने के बाद आवेदक को आवेदन संख्या LTR/GRV/WhatsApp/25/2483 जारी किया गया है। प्रशासन की ओर से शिकायत पर कार्रवाई किए जाने की सूचना भी आवेदक को दी गई है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed