16 दिसंबर से नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान, 25 अक्टूबर से रोजाना चलेगी देवघर की फ्लाइट

रांची : इंडिगो एयरलाइंस 16 दिसंबर से नवी मुंबई और रांची के बीच नई सीधी विमान सेवा शुरू करने जा रही है। नई उड़ान के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। निर्धारित समय के अनुसार, विमान सुबह 7:40 बजे नवी मुंबई से रवाना होकर सुबह 10 बजे रांची पहुंचेगा। इसके बाद रांची से सुबह 10:35 बजे उड़ान भरकर दोपहर 1:05 बजे नवी मुंबई पहुंचेगा। इस सेवा के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच हवाई संपर्क का एक और विकल्प उपलब्ध होगा।


वहीं, इंडिगो की मुंबई-देवघर विमान सेवा 25 अक्टूबर से प्रतिदिन संचालित होगी। वर्तमान में यह विमान मुंबई के टर्मिनल दो से दोपहर 1:45 बजे उड़ान भरकर शाम 4:10 बजे देवघर पहुंचता है। वापसी में देवघर से शाम 4:40 बजे रवाना होकर शाम 7:35 बजे मुंबई पहुंचता है। अब इस मार्ग पर यात्रियों को प्रतिदिन विमान सेवा उपलब्ध होगी।
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज लंबे समय से इन विमान सेवाओं की मांग कर रहा था। चैंबर के अनुसार, नई उड़ानों और नियमित विमान परिचालन से झारखंड में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। एफजेसीसीआई राज्य के प्रमुख शहरों को देश के अन्य महत्वपूर्ण शहरों से सीधी हवाई सेवाओं के माध्यम से जोड़ने की मांग करता रहा है।


