“कॉफी विद एसडीएम” में मोबाइल व्यवसायियों से संवाद, पारदर्शी और सुरक्षित मोबाइल बाजार बनाने पर जोर


गढ़वा : सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा आयोजित साप्ताहिक “कॉफी विद एसडीएम” कार्यक्रम के तहत बुधवार को गढ़वा के मोबाइल विक्रेताओं एवं मोबाइल रिपेयरिंग कार्य से जुड़े व्यवसायियों के साथ एक संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक व्यवसायियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य मोबाइल बाजार में पारदर्शिता बढ़ाना, उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना तथा प्रशासन और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि मोबाइल व्यवसाय आज के डिजिटल दौर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे समाज के व्यापक हित जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत जिम्मेदारी भरा कार्य है, इसलिए व्यवसायियों को सरकार एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ काम करना चाहिए।
बैठक के दौरान सेकेंड हैंड मोबाइल की खरीद-बिक्री और मरम्मत कार्य में आईएमईआई नंबर दर्ज करने, ग्राहकों की पहचान सुनिश्चित करने तथा बिल एवं पहचान पत्र का उपयोग करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही संदिग्ध मोबाइल की सूचना प्रशासन को देने और आईएमईआई टैंपरिंग जैसी गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी गई।
उपभोक्ताओं की सुविधा और विश्वास बनाए रखने के लिए दुकानों में जॉब कार्ड या रसीद देने, ग्राहकों के डेटा की गोपनीयता बनाए रखने तथा पारदर्शी सेवा प्रणाली अपनाने की भी बात कही गई। इसके अलावा दुकानों में सीसीटीवी कैमरा लगाने, फुटेज सुरक्षित रखने और सिम कार्ड जारी करने में केवाईसी प्रक्रिया का पालन करने पर भी बल दिया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) प्रणाली की जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि चोरी या गुम हुए मोबाइल को ब्लॉक करने में यह पोर्टल बेहद उपयोगी है। व्यवसायियों से इस प्रणाली के प्रति लोगों को जागरूक करने और साइबर अपराध रोकने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में ई-वेस्ट प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। व्यवसायियों को खराब बैटरी, चार्जर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक कचरे को अलग सुरक्षित रखने तथा अधिकृत रीसाइक्लर के माध्यम से उसका निस्तारण करने का सुझाव दिया गया।
कुछ व्यवसायियों ने स्थानीय स्तर पर अनावश्यक परेशान किए जाने की शिकायत भी रखी। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने आश्वस्त किया कि यदि कोई अधिकारी या कर्मी बिना कारण परेशान करता है, तो इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दें, दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में नित्यानंद शुक्ला, विवेक कुमार कश्यप, धीरज साहू, राकेश कुमार, अरुण कुमार कुशवाहा, श्रेयांश जायसवाल, यश केसरी, अनमोल कश्यप, सौरभ कश्यप, उपेंद्र कुशवाहा सहित कई मोबाइल व्यवसायियों ने अपने विचार साझा किए।


