सीखने की क्षमता का निरंतर विकास करें-नितिन मदन कुलकर्णी






JHARJHAND: सरला बिरला विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के नए विद्यार्थियों के लिए “एआई युग के लिए अपनी सोच और सीखने की क्षमता के विकास” विषय पर आज एक्सपर्ट टॉक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री नितिन मदन कुलकर्णी, आईएएस, माननीय अपर मुख्य सचिव, राज्यपाल, झारखंड ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।


विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री कुलकर्णी ने तकनीक को अपनाने, सीखने की क्षमता को निरंतर विकसित करने तथा निर्धारित पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर नवीन कौशल अर्जित करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि केवल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र दीर्घकालिक करियर सुरक्षा की गारंटी नहीं देते। अतएव लक्ष्य पर बाज जैसी नज़र रखें।
एआई पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे नौकरियों की प्रकृति बदल रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को इसका प्रयोग सीखने के क्रम में सहायक के रूप में करने तथा अपने कार्य और सोच को पूरी तरह एआई पर निर्भर न करने की सलाह दी। उन्होंने आलोचनात्मक चिंतन, स्वतंत्र निर्णय क्षमता, तथ्यों का सत्यापन, एकाग्रता, ध्यान और निरंतरता के महत्व पर विशेष जोर दिया। मानवीय महत्व के दृष्टिकोण की चर्चा करते हुए उन्होंने एथिकल जजमेंट, क्रिएटिविटी, क्रिटिकल थिंकिंग और कॉमन सेंस के महत्व पर जोर दिया।
सत्र में श्री कुलकर्णी ने अपने अनुभवों एवं विचारों को साझा करते हुए विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर भी दिया।
एक्सपर्ट टॉक के अवसर पर सरला बिरला विवि के माननीय महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, माननीय कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, कुलसचिव प्रो. एस. बी. दंडीन, विवि के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
एसबीयू में एक्सपर्ट टॉक के आयोजन पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान एवं माननीय राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने हर्ष व्यक्त किया है।


