सरकारी भूमि से कब्जा हटाने की मांग, जिला परिषद सदस्य और मुखिया ने डीडीसी को सौंपा ज्ञापन



बहरागोड़ा : बहरागोड़ा की जिला परिषद सदस्य फुलमनी मुर्मू और मानुषमुरिया पंचायत के मुखिया राम मुर्मु ने मंगलवार को जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर सरकारी भूमि से कब्जा हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त की अनुपस्थिति में दोनों जनप्रतिनिधियों ने उप विकास आयुक्त को ज्ञापन दिया। इसमें आरोप लगाया गया कि मानुषमुरिया में एक परिवार ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा है।


ज्ञापन में कहा गया कि इससे पहले भी उपायुक्त के नाम शिकायत देकर सरकारी भूमि पर कब्जे की जांच और कार्रवाई की मांग की गई थी। जनप्रतिनिधियों के अनुसार विभाग की ओर से अब तक केवल जांच की गई है, जबकि संबंधित परिवार का मानुषमुरिया के धुमकुड़िया भवन के पास स्थित सरकारी भूमि पर कब्जा अब भी बना हुआ है।
जिला परिषद सदस्य और मुखिया ने मांग की कि सरकारी प्रक्रिया के तहत जल्द से जल्द उक्त भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए। उप विकास आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि विभागीय कार्रवाई कर सरकारी भूमि को जल्द कब्जा मुक्त कराया जाएगा।


