राजस्थान में पकड़ाया डीडी बार का मालिक: मोबाइल ट्रैकिंग से खाटू श्याम मंदिर के पास से भाजपा नेता नीरज सिंह गिरफ्तार, मैनेजर भी हिरासत में






जमशेदपुर : बिष्टुपुर डीडी बार हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे बार मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह को अंततः राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। झारखंड पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और ट्रैकिंग के जरिए उनकी लोकेशन का पता लगाया और राजस्थान पुलिस को सूचित किया। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने उन्हें खाटू श्याम मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। हत्याकांड के बाद से नीरज सिंह जमशेदपुर से गायब थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। अब झारखंड पुलिस की एक टीम उन्हें वापस लाने के लिए राजस्थान रवाना हो गई है। बताया जा रहा है कि बार मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया है।


गौरतलब है कि बिष्टुपुर के डीडी बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में ही करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर चाकू व चापड़ से जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें हिमांशु की मौत हो गई थी। इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिनमें नीरज सिंह और उनके मैनेजर भी शामिल थे। अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल अभी भी फरार है और उस पर दो लाख का इनाम घोषित है।


