कोल इंडिया के कर्मचारियों का बढ़ा HRA, झारखंड के 65 हजार से अधिक कर्मियों को लाभ

जमशेदपुर : कोल इंडिया लिमिटेड और उसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत गैर-अधिकारी संवर्ग के कर्मचारियों के मकान किराया भत्ते (HRA) में बढ़ोतरी की गई है। कंपनी मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, संशोधित दरें एक अक्तूबर 2026 से लागू होंगी। इस फैसले से देशभर में कोल इंडिया और उसकी सहायक कंपनियों के दो लाख से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। इनमें झारखंड के 65 हजार से अधिक कोयला कर्मचारी शामिल हैं।नई व्यवस्था के तहत एक्स श्रेणी के शहरों में HRA मूल वेतन के 24 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत, वाई श्रेणी में 16 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत और जेड श्रेणी में 8 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद कर्मचारियों को हर महीने न्यूनतम 400 रुपये से लेकर अधिकतम 1500 रुपये तक अतिरिक्त मकान किराया भत्ता मिलेगा।कोल इंडिया मुख्यालय ने सभी अनुषंगी कंपनियों को संशोधित दरें लागू करने का निर्देश दिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि HRA की पात्रता और भुगतान से संबंधित अन्य नियम व शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी।



