शहीद निर्मल महतो को सीएम हेमंत सोरेन ने किया नमन, बोले- जब तक सूरज-चांद रहेगा, नाम अमर रहेगा

जमशेदपुर : झारखंड आंदोलन के महानायक शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस शनिवार को कदमा उलियान स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जब तक सूरज और चांद रहेगा, तब तक शहीद निर्मल महतो का नाम अमर रहेगा। सीएम ने कहा कि झारखंड वीरों की धरती है और अलग राज्य के निर्माण के लिए अनेक लोगों ने संघर्ष करते हुए अपना लहू बहाया। उन्होंने सभी वीरों और आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि निर्मल महतो का योगदान झारखंड के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।शहादत दिवस पर जिले के अलग-अलग ग्रामीण इलाकों और सुदूर गांवों से बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक वेशभूषा में जुलूस के रूप में उलियान पहुंचे। लोगों के हाथों में झंडे और बैनर थे तथा रास्तेभर शहीद निर्मल महतो अमर रहें के नारे लगते रहे। सैकड़ों लोगों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ समाधि स्थल पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। लोगों ने उनके संघर्ष और झारखंड आंदोलन में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों और संघर्ष की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




