जनगणना 2027 की ड्यूटी से शिक्षकों की बढ़ेगी परेशानी, बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर असर की आशंका

जमशेदपुर : जनगणना 2027 के दूसरे चरण में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की तैयारी से पूर्वी सिंहभूम जिले की शिक्षा व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है। जनवरी से फरवरी के बीच होने वाले जनगणना कार्य में शिक्षकों को फील्ड ट्रेनर समेत अन्य जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। वहीं, फरवरी के पहले सप्ताह से झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। ऐसे में शिक्षकों के जनगणना कार्य में व्यस्त रहने से बोर्ड परीक्षार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता जताई जा रही है।

जिले में पहले से ही शिक्षकों की कमी एक बड़ी समस्या है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम के 1,267 सरकारी स्कूलों में केवल एक या दो शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें पोटका के 273, चाकुलिया के 157, जमशेदपुर के 149, बहरागोड़ा के 134, डुमरिया के 94, घाटशिला के 89, मुसाबनी के 88, पटमदा के 87, गुड़ाबांदा के 73, बोड़ाम के 68 और धालभूमगढ़ के 55 स्कूल शामिल हैं।
शिक्षकों और अभिभावकों का कहना है कि पीएमश्री, हाईस्कूल और प्लस टू स्कूलों के शिक्षकों को भी जनगणना कार्य में लगाया गया तो बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित होगी। शिक्षकों ने मांग की है कि बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होने तक उनकी प्रतिनियुक्ति पर रोक लगाई जाए। जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) जूही रानी ने बताया कि फिलहाल शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति को लेकर विभागीय आदेश नहीं आया है। आदेश मिलने पर शिक्षकों को फील्ड ट्रेनर की जिम्मेदारी दी जा सकती है। जनगणना कार्य के लिए विभिन्न प्रखंडों के चार्ज पदाधिकारी सह बीडीओ शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करेंगे।


