साइबर ठगी जांच में CBI की छापेमारी, युवक से पूछताछ के बाद मचा हड़कंप






जमशेदपुर : साइबर ठगी से जुड़े मामले की जांच को लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार को गोलमुरी थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर, टुईलाडूंगरी में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने राजदीप नामक युवक से पूछताछ की, जिसके बाद इलाके में हलचल बढ़ गई। CBI की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।


जांच के शुरुआती चरण में सामने आया है कि जिस मोबाइल सिम कार्ड का इस्तेमाल कथित तौर पर साइबर ठगी से जुड़े बैंक खाते को खोलने में किया गया था, वह राजदीप के नाम से दर्ज है। इसी आधार पर CBI उससे जानकारी जुटा रही है। हालांकि, एजेंसी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि युवक की मामले में सीधी भूमिका है या उसका नाम सिर्फ दस्तावेजों की जांच के दौरान सामने आया है।
इसी मामले में CBI की एक दूसरी टीम टुईलाडूंगरी निवासी जसबीर सिंह के घर भी पहुंची, जहां अधिकारियों ने जरूरी दस्तावेजों की जांच की और कुछ मुद्दों पर पूछताछ की। फिलहाल CBI ने मामले को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। एजेंसी साइबर ठगी के नेटवर्क, बैंक खातों के इस्तेमाल और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


