नदी किनारे 145 मकानों पर मंडराया बुलडोजर का खतरा, नोटिस के बाद बढ़ी चिंता



जमशेदपुर : सुवर्णरेखा नदी किनारे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई अब भुइयांडीह तक पहुंच सकती है। सीतारामडेरा क्षेत्र के इंद्रानगर और कल्याणनगर में चिह्नित 145 मकानों को हटाने के लिए जमशेदपुर अक्षेस की ओर से पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के नदी किनारे से अतिक्रमण हटाने संबंधी आदेश के तहत की जानी है। इससे पहले 6 अगस्त को अभियान की तैयारी की गई थी, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी थी।


प्रशासन फिलहाल मानगो में सुवर्णरेखा नदी किनारे बने अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई कर रहा है। वहां कम संख्या में मकान होने के कारण पहले अभियान पूरा करने और स्थिति का आकलन करने के बाद भुइयांडीह के 145 मकानों पर कार्रवाई को लेकर आगे निर्णय लिया जा सकता है। प्रभावित परिवार इससे चिंतित हैं और पहले पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं।


