चोरी की साइकिलें घर लाने से रोका तो भाई ने बाइक में लगाई आग, 10 हजार रुपये भी जले; मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप

रांची : सदर थाना क्षेत्र के कोकर गढ़ाटोली स्थित गौस नगर में चोरी की साइकिलें घर लाने का विरोध करने पर एक युवक ने अपने ही भाई पर मारपीट, तोड़फोड़ और मोटरसाइकिल में आग लगाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मो. मेराज शेख ने पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि उनके भाई मो. इदुल अंसारी चोरी की तीन साइकिलें घर लाना चाहते थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान मो. इदुल अंसारी दीवार फांदकर घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट व तोड़फोड़ की।


पीड़ित की शिकायत के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी भाई सुबह करीब पांच बजे दोबारा दीवार फांदकर घर में घुसा और वहां खड़ी बजाज पल्सर एन-160 मोटरसाइकिल में आग लगा दी। आग लगने से मोटरसाइकिल जलकर खाक हो गई। पीड़ित का कहना है कि बाइक की डिक्की में 10 हजार रुपये नकद रखे थे, जो आग की चपेट में आकर जल गए। घटना के दौरान आग तेजी से फैलने लगी और पास में रखे गैस सिलेंडर तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। हालांकि, परिजनों ने समय रहते काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
मो. मेराज शेख ने पुलिस को बताया कि घटना के समय घर में अभिभावक मौजूद नहीं थे। उन्होंने अपने भाई के खिलाफ मारपीट, घर में तोड़फोड़ और मोटरसाइकिल जलाने के आरोप में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


