बाढ़ में बह गईं किताबें-कॉपियां, पढ़ाई बचाने DC के पास पहुंची 5वीं की छात्रा; 24 घंटे में मदद का आदेश

पलामू : मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 स्थित बैंक कॉलोनी के पास रहने वाली कक्षा 5 की छात्रा कृतिका कुमारी की किताबें, कॉपियां, स्कूल बैग, यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री बाढ़ के पानी में बह गई या खराब हो गई। कोयल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद इलाके में बाढ़ की स्थिति बनी थी और पानी कृतिका के घर में घुस गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण दोबारा पढ़ाई का सामान खरीदना मुश्किल था।पढ़ाई छूटने के डर से कृतिका अपनी मां के साथ जन समाधान दिवस में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के पास पहुंची और जरूरी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। बच्ची की बात सुनने के बाद उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को तत्काल बुलाकर उसकी शिक्षा बाधित नहीं होने देने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने 24 घंटे के भीतर कृतिका को उसके स्कूल और पाठ्यक्रम के अनुसार टेक्स्ट बुक्स, कॉपियां, ज्योमेट्री बॉक्स, स्कूल बैग और स्टेशनरी उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही स्कूल प्रबंधन को भी बच्ची को हरसंभव सहयोग देने का निर्देश दिया गया है, ताकि वह जल्द दोबारा अपनी पढ़ाई शुरू कर सके।




