बिंदल मॉल गोलीकांड के आरोपियों को अलग-अलग जेलों में भेजा गया, आपराधिक नेटवर्क पर लगाम लगाने की तैयारी

जमशेदपुर : सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट गोलीकांड के आरोपियों को जेल के भीतर आपसी संपर्क से दूर रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की गई है। जेल मुख्यालय के निर्देश पर सुरक्षा कारणों से मामले के मुख्य आरोपियों को घाघीडीह सेंट्रल जेल से निकालकर गढ़वा की अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित किया गया है। इस कार्रवाई के तहत मुख्य साजिशकर्ता रमेश कुमार शर्मा उर्फ टीटू शर्मा, मनोज सरकार और शूटर मोहन यादव को गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर स्थित उपकारा भेजा गया है। वहीं, दूसरे साजिशकर्ता दीपु ओझा को गढ़वा जिला जेल में रखा गया है। इस कदम का उद्देश्य आरोपियों के बीच संपर्क खत्म करना और जेल के अंदर से आपराधिक गतिविधियों के संचालन की आशंका पर रोक लगाना है।

गौरतलब है कि 26 सितंबर को दोपहर सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में बाइक सवार शूटरों ने घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की थी। हमलावरों ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाई थीं। इस घटना में मुख्य निशाने पर रहे डोमिनिक सैमसन के अलावा रिजवान, दिलशान उर्फ दानिश और रेस्टोरेंट में मौजूद आम नागरिक कृष्णा चौधरी गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस जांच में गोलीकांड के पीछे रेलवे ठेकेदारी में वर्चस्व और डोबो में कीमती जमीन के कारोबार में हस्तक्षेप को लेकर पुरानी रंजिश सामने आई थी। इसी विवाद के कारण डोमिनिक सैमसन की हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने शूटरों को एक लाख रुपये नकद देने के साथ हथियार और गाड़ियां भी उपलब्ध कराई थीं।
घटना के बाद जमशेदपुर पुलिस की एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए 28 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर टोल प्लाजा से चार मुख्य साजिशकर्ताओं टीटू शर्मा, मनोज सरकार, दीपु ओझा और शंकर मुंडा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मुख्य शूटर मोहन यादव भी पुलिस की गिरफ्त में आया। हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मोहन यादव के पैर में गोली लगी थी। अब सभी आरोपियों को अलग-अलग जेलों में भेजकर उनके आपसी संपर्क और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने की कोशिश की जा रही है।


