कैंपस प्लेसमेंट में बड़ी सफलता, 6 छात्रों को जापानी कंपनी में ₹5 लाख पैकेज


जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित एनटीटीएफ के आरडी टाटा संस्थान में हाल ही में जापानी कंपनी फैनुक द्वारा कैंपस सेलेक्शन आयोजित किया गया. चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले लिखित परीक्षा ली गई, जिसके बाद छात्रों की व्यक्तिगत प्रतिभा और तकनीकी क्षमता का आकलन किया गया. अंतिम चरण में इंटरव्यू राउंड के आधार पर चयन किया गया, जिसमें छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया.

इस प्रक्रिया में कुल पांच राउंड हुए, जिनमें सफल होकर एनटीटीएफ के छह छात्रों का चयन किया गया. चयनित छात्रों में गौतम कुमार, शिवम, अक्षत शुक्ला, विकास झा, संदीप पाल और इलेक्ट्रॉनिक विभाग के सरयू पाल शामिल हैं. इन सभी को फैनुक कंपनी में 5 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर बेंगलुरु के लिए चयनित किया गया है.
जापानी रोबोटिक्स कंपनी फैनुक स्वचालन से जुड़े उत्पाद और सेवाएं प्रदान करने वाली प्रमुख कंपनी है, जो रोबोटिक्स और कंप्यूटर न्यूमेरिकल कंट्रोल इंडस्ट्रियल सिस्टम के क्षेत्र में काम करती है. छात्रों की इस उपलब्धि पर संस्थान ने खुशी जताई और सभी चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.



