नीरज सिंह की गिरफ्तारी पर बड़ा एक्शन, ट्रांजिट रिमांड मंजूर, राजस्थान से जमशेदपुर लाएगी पुलिस






जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई हत्याकांड में गिरफ्तार डीडी बार संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह को जमशेदपुर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया है। अब दिल्ली होते हुए पुलिस वापस जमशेदपुर लौटेगी और रात तक नीरज सिंह को लेकर पहुंचने की उम्मीद है। नीरज सिंह को राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर स्थित कोतवाली थाना से गिरफ्तार किया गया था। मोबाइल लोकेशन के जरिये जमशेदपुर पुलिस ने उन्हें ट्रैप किया, जिसके बाद राजस्थान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा।


गिरफ्तारी के बाद नीरज सिंह को थाने में रखा गया और रातोंरात पूछताछ शुरू कर दी गई। सुबह उन्हें सीकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां जमशेदपुर पुलिस की अर्जी पर ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर लिया गया। इसके बाद पुलिस टीम नीरज सिंह को लेकर जमशेदपुर आने की तैयारी में जुट गई, रात करीब 9 बजे तक पहुंचने की संभावना है।
नीरज सिंह की पत्नी और मानगो नगर निगम मेयर पद की पूर्व प्रत्याशी संध्या सिंह अपने करीबियों के साथ गिरफ्तारी की खबर मिलते ही मौके पर पहुंच गईं। संध्या सिंह ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि पुलिस नीरज सिंह और उनके पूरे परिवार को बेवजह परेशान कर रही है।


