बाबा बैद्यनाथ धाम का बदलेगा स्वरूप, 30 एकड़ में बनेगा भव्य कॉरिडोर



देवघर : बाबा बैद्यनाथ धाम को विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। अयोध्या की तर्ज पर मंदिर परिसर और आसपास करीब 30 एकड़ क्षेत्र में भव्य कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस परियोजना का डिजाइन एनआईटी पटना तैयार कर रहा है। योजना के तहत मंदिर के चारों ओर 750 मीटर का कोर हेरिटेज जोन और 750 से 1000 मीटर तक मैनेजमेंट जोन विकसित किया जाएगा.


परियोजना तीन चरणों में पूरी की जाएगी। इसमें श्रद्धालुओं के लिए 30 मीटर चौड़ा मुख्य पहुंच मार्ग, 20 मीटर चौड़ा इमरजेंसी एक्सेस कॉरिडोर, इंटीग्रेटेड हेरिटेज मोबिलिटी फ्रेमवर्क और विभिन्न प्रवेश द्वारों से जुड़े कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। साथ ही लाइन प्रबंधन, ट्रैफिक जाम, ड्रेनेज, अतिक्रमण, प्रदूषण, फुटपाथ और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार पर भी काम होगा। योजना को लागू करने से पहले संबंधित एजेंसियों की मंजूरी आवश्यक होगी।


