छह माह से खुले में पड़ा करीब 400 क्विंटल सरकारी नमक, बारिश में भीगे हजारों बोरे

देवघर : देवीपुर प्रखंड के पीडीएस लाभुकों के बीच वितरण के लिए आया करीब 400 क्विंटल सरकारी नमक छह माह से देवघर स्थित बाजार समिति परिसर में खुले आसमान के नीचे पड़ा है। नियमानुसार नमक को देवीपुर प्रखंड के संबंधित गोदाम तक पहुंचाया जाना था, लेकिन एजेंसी ने पूरा स्टॉक बाजार समिति परिसर में ही उतार दिया। छह माह से अधिक समय बीतने के बाद भी इसका उठाव नहीं हो सका है।


लगातार बारिश के कारण खुले में रखी हजारों बोरियों में से लगभग सभी भीग चुकी हैं और कई पर पानी का असर साफ दिखाई दे रहा है। इससे नमक की गुणवत्ता प्रभावित होने और उसके खराब होने की आशंका जतायी जा रही है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीतिलता किस्कू की ओर से नमक का डीएसडी करने का निर्देश दिये जाने का दावा किया जाता रहा है, इसके बावजूद स्टॉक का उठाव नहीं हुआ।
लंबे समय से सरकारी नमक खुले में पड़े रहने के कारण भंडारण और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। समय रहते स्टॉक को सुरक्षित नहीं किया गया तो सामग्री खराब होने के साथ लाभुकों को निर्धारित समय पर नमक नहीं मिलने की आशंका है। पूरे स्टॉक के तत्काल उठाव, देवीपुर प्रखंड के गोदाम में सुरक्षित भंडारण और गुणवत्ता जांच की जरूरत बतायी गयी है।


