स्नातक में खाली सीटों पर नामांकन का एक और मौका, 5 सितंबर तक बढ़ी तारीख



कोल्हान : कोल्हान विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के सत्र 2026-2030 के सेमेस्टर-1 में खाली सीटों पर नामांकन की तारीख बढ़ा दी है। पात्र विद्यार्थी अब 5 सितंबर 2026 तक दाखिला ले सकेंगे। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता कार्यालय ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। यह मौका केवल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्होंने पहले चांसलर पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन किसी कारण उनका नामांकन नहीं हो पाया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों तथा प्रभारी प्राचार्यों को खाली सीटों की जानकारी सार्वजनिक करने का निर्देश दिया है। कॉलेजों को सरकार द्वारा तय कुल वार्षिक क्षमता के भीतर जरूरत के अनुसार विषयवार खाली सीटों का समायोजन कर नामांकन सुनिश्चित करना होगा। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए खाली सीटों और प्रवेश से जुड़ी पूरी जानकारी कॉलेजों के नोटिस बोर्ड और आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
नामांकन प्रक्रिया शुरू हुए करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन विश्वविद्यालय के अधिकांश कॉलेजों में कई विषयों की सीटें अब भी खाली हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार अब तक करीब 20 से 25 प्रतिशत कम नामांकन हुआ है। कई कॉलेजों में कुल उपलब्ध सीटों में से 50 प्रतिशत सीटों पर भी दाखिला नहीं हो सका है। कम नामांकन के कारण विश्वविद्यालय को प्रवेश की तारीख बार-बार बढ़ानी पड़ रही है। अब पहले से आवेदन कर चुके अधिक से अधिक विद्यार्थियों के नामांकन के लिए 5 सितंबर तक दोबारा अवसर दिया गया है।


