ठेका मजदूर के परिजनों को 9.03 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति

बोकारो : ईएसएल वेदांता कंपनी में कार्यरत ठेका मजदूर शक्तिपद महतो की मौत के बाद उनके परिजनों को कुल 9,03,968 रुपये की आर्थिक सहायता और मुआवजा देने पर कंपनी प्रबंधन सहमत हो गया है। पुपुनकी गांव निवासी शक्तिपद महतो की गुरुवार रात ड्यूटी खत्म कर घर लौटने के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर अलकुशा के पास इलेक्ट्रोस्टील रोड जाम कर दिया था।

इसके बाद कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता हुई। इसमें अंतिम संस्कार के लिए 30 हजार रुपये और 8,73,968 रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। इसके अलावा अन्य देय लाभों से संबंधित दस्तावेज भी लिखित रूप में परिजनों को सौंपे गए। मौके पर सांसद प्रतिनिधि दुर्गा महतो, असंगठित मजदूर मोर्चा के जिला संयोजक नेमचांद महतो, भाजपा नेता राकेश मुखर्जी और अलकुशा पंचायत के मुखिया रोहित रजक सहित अन्य लोग उपस्थित थे। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि संकट की घड़ी में मजदूरों के परिवारों को उचित आर्थिक सहायता दिलाना और उनके अधिकारों की रक्षा करना प्राथमिकता होनी चाहिए।


