उपायुक्त की अध्यक्षता में NCORD कमेटी की बैठक संपन्न, अफीम की खेती एवं अवैध शराब के विरुद्ध सघन कार्रवाई के निर्देश…






सरायकेला-खरसावाँ: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, अफीम की खेती, अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर समीक्षा की गई।


बैठक में उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि जिले के जिन क्षेत्रों में पूर्व में अफीम की खेती की गतिविधियां सामने आई हैं, वहां विशेष निगरानी रखते हुए संभावित क्षेत्रों की पहचान के लिए अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने तथा संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश उत्पाद अधीक्षक को दिया। उन्होंने सघन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाकर अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने सड़कों के किनारे, हाट-बाजार क्षेत्रों, रेस्टोरेंट एवं होटलों में अवैध रूप से शराब की बिक्री अथवा परोसने की शिकायतों पर नियमित जांच अभियान चलाने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावाँ श्री मनोज सर्वगिंयारी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती एवं निगरानी बढ़ाने, मादक पदार्थों से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित ड्रंक एंड ड्राइव जांच अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान करने, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मादक पदार्थों एवं अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, सघन जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्रीमती उषा मुंडू, नगर आयुक्त, आदित्यपुर श्री एजाज अनवर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, प्रभारी पदाधिकारी समान्य शाखा सह जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, उत्पाद अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं NCORD कमेटी के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


