झारखंड के 5 जिलों में भारी बारिश, रांची की 9 फ्लाइट प्रभावित; आज से मौसम में राहत के आसार

रांची: चक्रवाती तूफान अर्नब का असर शुक्रवार को भी झारखंड के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिला। रांची, धनबाद और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में बारिश हुई। राज्य के पांच जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण रांची एयरपोर्ट से जुड़ी नौ उड़ानें प्रभावित रहीं। इनमें तीन विमान रद्द हुए, जबकि छह उड़ानें दो से चार घंटे की देरी से पहुंचीं।

मौसम केंद्र के अनुसार, लातेहार में सबसे अधिक 111.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सिमडेगा के कुरडेग में 90.6 मिमी, पलामू में 75 मिमी, धालभूमगढ़ (कोल्हान) में 50 मिमी और चंदनकियारी में 46.2 मिमी वर्षा हुई। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अर्नब तूफान कमजोर होकर छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर निम्न दबाव के रूप में स्थित है। इसके प्रभाव से अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
रांची एयरपोर्ट पर सुबह घने कुहासे और कम दृश्यता के कारण इंडिगो की कोलकाता से आने-जाने वाली दो उड़ानें रद्द कर दी गईं। दोपहर में एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची उड़ान भी परिचालन कारणों से रद्द रही। वहीं, पुणे, दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद से आने वाली छह उड़ानें दो से चार घंटे विलंब से पहुंचीं। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
धनबाद में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और शाम को तेज बारिश हुई। निचले इलाकों में जलजमाव के कारण आवागमन प्रभावित हुआ। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम 19.6 डिग्री, जमशेदपुर का अधिकतम 28.4 और न्यूनतम 21.8 डिग्री तथा धनबाद का अधिकतम 26 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को रांची समेत झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में बादल छंटने की संभावना है। हालांकि, सुबह घना कुहासा रह सकता है। दूसरी ओर, संताल क्षेत्र के साहिबगंज, गोड्डा और पाकुड़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी के अंडमान सागर क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव का सिस्टम भी विकसित हो रहा है।


